मऊ :
साइकिल से खतरनाक स्टंट कर पटाखा फोड़ने वाला युवक गिरफ्तार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र गायघाट पुल पर साइकिल से खतरनाक स्टंट करते हुए पटाखा फोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। खबर सामने आने के बाद हरकत में आई कोतवाली नगर पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन 8 नवंबर को एक युवक ने गायघाट पुल पर अपनी रेंजर साइकिल के आगे 12 साउंड वाला पटाखा बांधकर उसे फोड़ते हुए खतरनाक स्टंट किया था। युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुल पर इस तरह की स्टंटबाजी और पटाखा फोड़ने से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे।
मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने गुरुवार 12 नवंबर को सुबह करीब नौ बजे युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान धर्मेंद्र कन्नौजिया (20) पुत्र रंग बहादुर कन्नौजिया निवासी मोहल्ला हट्टीमदारी, थाना कोतवाली नगर, मऊ के रूप में हुई। उसका स्थायी पता बासुचक, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रेंजर साइकिल भी बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय चालान कर दिया।
