मऊ :
विदाई के अगले ही दिन नवविवाहिता की संदिग्ध मौत,केस दर्ज।।
●मायके वालो का आरोप दहेज की मांग पूरी न होने पर कर दी हत्या।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेरा घाट में मायके से हंसी-खुशी विदा होकर ससुराल पहुंची नवविवाहिता की अगले ही दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर बहन की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विस्तार :
मामला घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेरा घाट (भिखारीपुर) का है। आजमगढ़ जनपद के सिकरौला गांव निवासी आस्का चौहान की शादी 7 मई 2026 को हुई थी। 13 नवंबर को वह मायके से विदा होकर ससुराल पहुंची थी। अभी विदाई की खुशियां परिवार में बनी ही थीं कि 14 नवंबर की सुबह उसकी मौत की खबर पहुंच गई। अचानक मिली इस सूचना से मायके पक्ष में चीख-पुकार मच गई।
मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। शादी में डबल बेड, कूलर, फ्रिज, वाशिंग मशीन और आटा चक्की समेत तमाम घरेलू सामान देने के बावजूद उनकी मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आस्का को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचने पर मृतका के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
◆पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
