शनिवार, 14 नवंबर 2026

गोण्डा- जयप्रभा ग्राम की कथा में साधु संतों के आवागमन हेतु हायर हुआ हेलीकाप्टर, डीआईजी व विधायक सहित अन्य गणमान्यो ने आयोजक से की भेंट व तैयारियों का लिया जायजा

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जयप्रभा ग्राम, महाराजगंज के प्रांगण में आलोक दास जी महाराज (अध्यक्ष श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट) के पावन सानिध्य में आगामी 17 नवंबर से 25 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन हो रहा है। पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा में भक्तों को यहां कथा श्रवण का अवसर मिलेगा। ट्रस्ट के पदाधिकारी अरविंद शुक्ला ने बताया कि कथा में अनेक साधु संतों का आगमन होगा। उनके आवागमन हेतु दो हेलीकाप्टर को हायर किया जाना पूज्य आलोक दास जी महाराज के दिशा निर्देशन में होना प्रस्तावित है। इसमे से एक हेलीकाप्टर हायर कर लिया गया है जो शनिवार को यहां आया है। इस दौरान विशेष निमंत्रण के तहत अयोध्या के महंत राजकुमार दास जी इस हेलीकॉप्टर से शनिवार को जयप्रभा ग्राम में पहुंचे।
बताते चले कि इस विशाल व भव्य कथा को लेकर यहां दिन रात जोरदार तैयारियां चल रही है। इस क्रम में डीआइजी देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों संग कथा स्थल पर पहुंचकर हो रही व्यवस्थाओ का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय जिम्मेदारो को कथा के दौरान भारी भीड़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग आदि को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने भी पोखरा धाम स्थित आलोक दास जी महाराज के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद जयप्रभा ग्राम स्थित कथा स्थल का भ्रमण किया और वहां की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर मेंहनौन विधायक विनय द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
ट्रस्ट के पदाधिकारी अरविंद शुक्ला ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक कथा होना है और करीब ढाई लाख लोगों के लिए मनमोहक पंडाल बन रहा है। कथा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि कथा में प्रथम दिन बाबा रामदेव और पं0 धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सामिल होंगे इसलिए पहले दिन की कथा दोपहर 12 बजे से आरंभ होगी। इसके साथ ही 20 नवम्बर को यूपी सीएम योगी का भी आगमन कथा स्थल पर होना प्रस्तावित है। कथा समापन के बाद 26 व 27 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दौरान सर पर चुरकी यानी शिखा रखने वाले तमाम लोग सम्मानित होंगे और उनको नकद इनाम मिलेगा। इसके बाद 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।।
(गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट)