शनिवार, 14 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नकली सिगरेट बनाने और बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नकली सिगरेट बनाने और बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

असली ब्रांड की खाली डिब्बियों में नकली सिगरेट भरकर बाजार में खपा रहे थे आरोपी, तीन रैपिंग मशीनों समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

फेस-2 पुलिस की कार्रवाई, गोल्ड फ्लैक और कैप्स्टन ब्रांड की 4,940 खाली डिब्बियां, तंबाकू और तस्करी में इस्तेमाल कार बरामद

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-2 पुलिस ने नकली सिगरेट तैयार कर उन्हें नामी ब्रांड की असली पैकिंग में बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सिगरेट की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें, विभिन्न ब्रांड की 4,940 खाली डिब्बियां, खुला तंबाकू, तैयार सिगरेट और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा गैलन्जा कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पुस्ता रोड, ककराला के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी वीआईपी होम्स, रोजा जलालपुर, थाना बिसरख तथा संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी पुत्र महावीर सिंह निवासी गांव गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3 के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मूल रूप से बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं।

ऐसे तैयार करते थे नकली सिगरेट

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तंबाकू को सिगरेट में भरकर तैयार करते थे। इसके बाद गोल्ड फ्लैक और कैप्स्टन जैसे नामी ब्रांड की खाली डिब्बियों में सिगरेट रखकर मशीनों के माध्यम से दोबारा रैपिंग करते थे, जिससे पैकेट देखने में बिल्कुल असली दिखाई देते थे। इसके बाद इन नकली सिगरेटों को छोटे दुकानदारों को असली ब्रांड का माल बताकर बेच दिया जाता था। इस तरह आरोपी धोखाधड़ी से दुकानदारों और ग्राहकों को गुमराह कर मुनाफा कमा रहे थे।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,500 गोल्ड फ्लैक और 1,440 कैप्स्टन ब्रांड की खाली सिगरेट डिब्बियां, 700 ग्राम खुला तंबाकू, गोल्ड फ्लैक की 128 और कैप्स्टन की 57 तैयार सिगरेट बरामद की हैं। इसके अलावा सिगरेट के पैकेटों को दोबारा रैप करने वाली तीन मशीनें और माल की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा गैलन्जा कार (नंबर यूपी-16-सीडब्ल्यू-7122) भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संदीप उर्फ संजीव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बुलंदशहर के थाना पहासू में लूट, चोरी के माल की बरामदगी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली सिगरेट की सप्लाई के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में प्रकाश में आए मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी

इस मामले में थाना फेस-2 में मुकदमा अपराध संख्या 535/2026 के तहत धारा 318(4), 349 बीएनएस और धारा 104 ट्रेडमार्क एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और नकली सिगरेट की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

नकली ब्रांडेड उत्पादों के जरिए बाजार में धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।