मऊ :
कांच ही बांस के बहंगिया... गीतों से गूंजे छठ घाट, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी संतान की सलामती।
बूढ़ी मांगे नाती, तरुनी मांगे बेटा... लोकगीतों में झलकी छठ महापर्व की महिमा।
।।।देवेन्द्र कुशवाहा ।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज में पोखरों, जलाशयों और तमसा नदी के घाटों पर परम्परिक गीतो को गुनगुनाते हुए बूढ़ी मांगे नाती, तरुनी मांगे बेटा... लोकगीतों में छठ महापर्व की महिमा झलकती नजर आ रही हुए।
विस्तार :
लोक आस्था, अटूट विश्वास, त्याग, तपस्या और पारिवारिक मंगलकामना का अनुपम पर्व सूर्यषष्ठी शनिवार को पूरे कोपागंज क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। संतति के संरक्षण, संवर्धन, संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत में लीन व्रती महिलाओं ने नदी, पोखरों, जलाशयों और विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को प्रथम अर्घ्य निवेदित किया। सूर्य की अंतिम किरणों के साथ ही घाटों पर आस्था का ऐसा अलौकिक दृश्य साकार हुआ, मानो पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर हो गया हो।
दोपहर बाद से ही छठी मइया के प्रति अटूट श्रद्धा का नजारा दिखाई देने लगा। नई साड़ियों में सजी-धजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजा की चुनरी, हाथों में पूजन सामग्री और साथ में बच्चों को लेकर घाटों की ओर बढ़ती रहीं। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर बांस के दौरे में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री लेकर श्रद्धापूर्वक आगे बढ़ते नजर आए। कहीं पारंपरिक गीतों की मधुर धुन थी तो कहीं बैंड-बाजे के साथ घाटों तक पहुंचते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
'◆कांच ही बांस के बहंगिया...' ने बांधा आस्था का समां।
छठ पर्व की पहचान बने पारंपरिक लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' की मधुर स्वर लहरियां जैसे ही घाटों पर गूंजतीं, श्रद्धालु भक्ति और भावनाओं में डूब जाते। छठी मइया के अन्य पारंपरिक गीतों ने भी लोकसंस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
सास, दादी, अम्मा और बहुओं की सामूहिक भागीदारी ने पर्व को पारिवारिक एकता का अनूठा स्वरूप प्रदान किया। 'बूढ़ी मांगे नाती, तरुनी मांगे बेटा, बिटिया जे मांगेली भाई-भतीजा, ए छठी मइया...' जैसे आंचलिक गीतों में संतान सुख, वंश वृद्धि, भाई-बहन के प्रेम और परिवार की खुशहाली की कामना झलकती रही। पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह दृश्य अपने आप में खास रहा।
कई परिवारों में मन्नत पूरी होने पर कोसी भरने की परंपरा भी श्रद्धापूर्वक निभाई गई। गन्ने से बने मंडप को रंग-बिरंगी चुनरियों से सजाया गया। उसके नीचे दीप, फल और पूजन सामग्री रखकर छठी मइया की आराधना की गई। पूरा नगर और ग्रामीण अंचल जैसे इस महापर्व के प्रत्येक पल को अपनी स्मृतियों में संजो लेना चाहता था।
थाने के पीछे स्थित ऐतिहासिक पोखरे पर दिखा अद्भुत नजारा
कोपागंज कस्बे के थाने के पीछे स्थित धार्मिक एवं ऐतिहासिक पोखरे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही सहरोज स्थित तमसा नदी, देवकली, फतेहपुर ताल, नरजा, पुराघाट, टड़ियांव और पुराने कोपागंज सहित विभिन्न गांवों के पोखरों और जलाशयों पर भी छठ व्रतियों का जमावड़ा लगा रहा।
व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से वेदी पूजन कर बांस के सूप और दौरे में केला, नारियल, सेब, अमरूद, शरीफा, अनानास, सिंघाड़ा, आंवला सहित विभिन्न मौसमी फल सजाए। इसके साथ ही पारंपरिक ठेकुआ, खस्ता और अन्य पकवानों को प्रसाद के रूप में रखा गया। जल में खड़े होकर महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया से संतान की दीर्घायु, परिवार की खुशहाली तथा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
नगर पंचायत और शिव परिवार कांवरिया संघ ने संभाली व्यवस्था।
छठ पर्व को लेकर कस्बे के ऐतिहासिक पोखरे पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रेयाज सफाई कर्मचारियों के साथ घाट की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे रहे। पोखरे के चारों तरफ साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था कराई गई, ताकि व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं शिव परिवार कांवरिया संघ की ओर से भी प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं के लिए सराहनीय इंतजाम किए गए। संघ के गुड्डू यादव, यशवंत जायसवाल, पूर्व ग्राम प्रधान बुद्धिराम और अन्य कार्यकर्ताओं ने बाकायदा मंच लगाकर भीड़ नियंत्रण में सहयोग किया। व्रती महिलाओं के लिए अर्घ्य के दौरान दूध, अगरबत्ती और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष आमिना सिद्दिकी और अधिशासी अधिकारी सीएल तिवारी की ओर से पोखरे के चारों तरफ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनवाए गए थे। ये सेल्फी प्वाइंट बच्चों और युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। परिवार के साथ पहुंचे लोग मोबाइल फोन से तस्वीरें लेकर इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।
सुरक्षा की कमान संभाले रहे पुलिसकर्मी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोपागंज थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह और कस्बा इंचार्ज अंकित सिंह महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ पोखरे के चारों तरफ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और व्रती महिलाओं को सुरक्षित तरीके से अर्घ्य दिलाने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे।
इनसेट : रामायण काल से जुड़ी है सूर्य उपासना की मान्यता।।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यषष्ठी व्रत की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। एक मान्यता के मुताबिक भगवान श्रीराम ने लंका विजय के लिए ऋषि अगस्त्य के निर्देश पर सूर्य उपासना की थी। वहीं पौराणिक कथाओं में राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी की संतान प्राप्ति से जुड़ी कथा को भी छठ पर्व की परंपरा से जोड़ा जाता है। एक अन्य मान्यता के अनुसार महारानी कुंती ने भी संतान प्राप्ति की कामना से सूर्य की उपासना की थी। इन धार्मिक कथाओं के कारण संतान सुख, परिवार की उन्नति और मंगलकामना के लिए इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है।
इनसेट : बांस का सूप, ईख और ठेकुआ का विशेष महत्व
छठ पूजा में उपयोग होने वाली प्रत्येक सामग्री का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। बांस से बने सूप और दौरे को वंश वृद्धि एवं वंश परंपरा की रक्षा का प्रतीक माना जाता है। ईख को आरोग्यता और समृद्धि से जोड़ा जाता है। ठेकुआ छठी मइया का प्रमुख पारंपरिक प्रसाद है, जबकि मौसमी फलों का अर्घ्य प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके उपहारों के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। यही कारण है कि छठ पर्व में सूर्य उपासना के साथ प्रकृति, परिवार, लोकगीत और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
