रविवार, 15 नवंबर 2026

लखनऊ : गोमतीनगर विस्तार में तीन शातिर चोर गिरफ्तार,लाखों के जेवर और कैमरा बरामद।||Lucknow: Three notorious thieves arrested in Gomti Nagar Extension; jewellery and a camera worth lakhs recovered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
गोमतीनगर विस्तार में तीन शातिर चोर गिरफ्तार,लाखों के जेवर और कैमरा बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, कैमरा और कीमती सामान चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पीली और सफेद धातु के जेवरात, दो कलाई घड़ियां और निकॉन का DSLR कैमरा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो का कई थानों में चोरी की वारदातों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक, सरस्वतीपुरम स्थित कामाख्या मंदिर के पास रहने वाली महिला 23 अक्टूबर को इलाज कराने हरिद्वार गई थीं। इसी दौरान करीब 4 नवंबर को अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, घड़ियां और नकदी पार कर दी। पीड़िता की तहरीर पर गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 धारा 305(ए) और 331(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तीन आरोपियों ओम प्रकाश यादव, नरसिंह गौतम और आनंद को पुलिस ने 14 नवंबर को विद्यानखंड रेलवे लाइन के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी में पीली धातु के झाले, रानी हार, बाजूबंद, चूड़ी, अंगूठी और कान के टॉप्स के अलावा 186 ग्राम की छह जोड़ी पायल, चांदी के सिक्के, बिछिया, रिंग और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके साथ ही टाइटन की दो हाथ घड़ियां और निकॉन कंपनी का DSLR कैमरा (मॉडल D3200) भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम प्रकाश यादव निवासी बहराइच, हाल पता छोटा भरवारा गोमतीनगर विस्तार, नरसिंह गौतम निवासी बाराबंकी, हाल पता विराजखंड विभूतिखंड और आनंद निवासी महिगवां लखनऊ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ओम प्रकाश के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार, गोमतीनगर और बीबीडी थानों में चोरी के छह मुकदमे दर्ज हैं। नरसिंह गौतम के खिलाफ चिनहट, महानगर, बिजनौर और बाराबंकी में चोरी के छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आनंद के खिलाफ महिगवां और बाराबंकी में दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की बात कही है।