मऊ :
एक साल से लापता नबालिग युवक पुलिस ने बिहार से सकुशल किया बरामद।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज और चिरैयाकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने पटना के बिहटा से खोज निकाला, बेटे को वापस पाकर परिजनों की आंखों में छलके खुशी के आंसू।
विस्तार :
करीब एक वर्ष से लापता चल रहे 15 वर्षीय बालक प्रियांशु को आखिरकार मऊ पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोपागंज और चिरैयाकोट थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार के पटना जनपद अंतर्गत बिहटा थाना क्षेत्र के अमनाबाद गांव से बालक को खोज निकाला। पुलिस की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों एवं व्यक्तियों की तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जानकारी के अनुसार, कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम जुम्मनपुरा निवासी रामजी का 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु करीब एक वर्ष से लापता था। इस संबंध में थाना कोपागंज में मु0अ0सं0 204/2025, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। बालक की तलाश में जुटी कोपागंज और चिरैयाकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए बिहार के पटना जनपद स्थित थाना बिहटा क्षेत्र के ग्राम अमनाबाद से 15 नवंबर 2026 को उसे सकुशल बरामद कर लिया।
लंबे समय बाद अपने बेटे को सकुशल सामने पाकर परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं। परिवार ने मऊ पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सराहनीय कार्य के लिए आभार जताया।
मऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी थाने अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बच्चे की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
मऊ पुलिस की यह सफलता एक परिवार के लिए लंबे इंतजार के बाद खुशियों की वापसी बन गई।
