रविवार, 15 नवंबर 2026

लखनऊ : नशे की लत पूरी करने को घर में घुसकर उड़ाए जेवरात नकदी, दो गिरफ्तार।||Lucknow: Two arrested for breaking into a house and stealing jewellery and cash to satisfy drug addiction.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
नशे की लत पूरी करने को घर में घुसकर उड़ाए जेवरात नकदी, दो गिरफ्तार।
एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 900 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नशे का आदी बताया गया है, जिसने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
विस्तार : 
थाना तालकटोरा पुलिस के अनुसार
 26/27 सितंबर 2026 की रात राजाजीपुरम के सी-ब्लॉक, सेक्टर-13 स्थित एक मकान में चोर घुस गए थे। घर की ऊपर से लगी कुंडी खोलकर अंदर पहुंचे आरोपी ने कमरे में रखी अलमारी से आभूषण और नकदी से भरा बैग पार कर दिया था। मामले में थाना तालकटोरा में मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 दर्ज किया गया था।
14 नवंबर को तालकटोरा पुलिस टीम चोरी के मामले में सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास वाहन पार्किंग रोड से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अवनीश तिवारी उर्फ नमन (26) निवासी सआदतगंज और पुष्कर रस्तोगी (21) निवासी चौक के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में अवनीश ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की थी। चोरी की नकदी नशे में खर्च कर दी, जबकि कुछ जेवर अपने पास रखे और बाकी साथी पुष्कर को दे दिए। पुष्कर ने बताया कि अवनीश ने उसे जेवर चौक के सुनार के यहां चेक कराने और बिकवाने के लिए दिए थे। दोनों की योजना जेवर बेचकर रकम आपस में बांटने की थी।
 गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक जोड़ी कान के झाले, एक मांग टीका, एक जोड़ी पायल और बच्चों के एक जोड़ी कंगन बरामद किए हैं। इसके अलावा 900 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से अवनीश के हुलिए का मिलान भी किया, जो मेल खाता पाया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अवनीश तिवारी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और अन्य धाराओं में पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।