रविवार, 1 नवंबर 2026

मऊ : पत्रकार मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन में,मंत्री एके शर्मा ने दिया सुरक्षा का भरोसा।||Mau: At a press meet and poetry conference, Minister AK Sharma assured security.||

शेयर करें:
मऊ : 
पत्रकार मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन में,मंत्री एके शर्मा ने दिया सुरक्षा का भरोसा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  मऊ शहर के के. चंद्रा इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में रविवार को पत्रकार मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जनपद के पत्रकारों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकारों और कवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जनपद में पत्रकारिता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को मंत्री एके शर्मा के समक्ष रखा। मंत्री ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। जनपद की समस्याओं को शासन और सरकार के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे उनके संज्ञान में लाएं, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।
मंत्री ने कहा कि वह प्रचार-प्रसार से अधिक धरातल पर काम करने में विश्वास रखते हैं। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना और समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
समारोह के दूसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया से आए कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, हास्य और भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कवि सम्मेलन का कुशल संचालन युवा कवि पंकज प्रखर ने किया।
अंत में वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण राय ने कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि, बाहर से आए कवियों, पत्रकारों एवं सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने पत्रकारिता और साहित्य के संगम के रूप में एक यादगार माहौल बनाया।