रविवार, 1 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर उतरी नोएडा पुलिस, यातायात माह-2026 का भव्य शुभारंभ; जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर उतरी नोएडा पुलिस, यातायात माह-2026 का भव्य शुभारंभ; जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 1 नवंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से यातायात माह-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108, नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की जानकारी होना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका नियमित रूप से पालन करना भी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, यातायात संकेतों का पालन करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना जैसे छोटे-छोटे प्रयास सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से प्रवर्तन विभाग, ट्रैफिक वॉलंटियर्स, ट्रैफिक एंजेल्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 'स्मार्ट बनें – सुरक्षा चुनें' के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

यातायात माह के शुभारंभ अवसर पर Trax NGO, YSS NGO, BHOOKH NGO, NIET कॉलेज, एपीजे स्कूल और विवेकानंद पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों के जरिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

इस अवसर पर Trax NGO के सहयोग से महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 'रोड सखी' अभियान का भी विमोचन किया गया। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

ट्रैफिक स्टॉल पर प्रदर्शित किए गए आधुनिक उपकरण

कार्यक्रम स्थल पर यातायात जागरूकता से संबंधित विशेष स्टॉल भी लगाए गए। इनमें स्पीड रडार, डेसीबल मीटर, बॉडी वार्न कैमरा सहित यातायात पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को इन उपकरणों की कार्यप्रणाली और यातायात व्यवस्था में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली जागरूकता रैली

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 से शुरू होकर सेक्टर-105, सीएनजी पंप चौक, हाजीपुर चौक, सेक्टर-47, सेक्टर-100, सेक्टर-107, प्रतीक बिल्डिंग तिराहा, सेक्टर-46, 47 और 48 चौक से होते हुए डीएससी मार्ग, छलैरा, सेक्टर-37, बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-18 मार्केट, रजनीगंधा चौक, नयाबांस, सेक्टर-15 गोलचक्कर और सेक्टर-15ए से होकर गुजरी। इसके बाद डीएनडी चौक के नीचे यू-टर्न लेते हुए रैली सेक्टर-14ए में संपन्न हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात सैयद अली अब्बास, डीसीपी नोएडा जोन प्रीति यादव, डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, डीसीपी लाइन शैलेन्द्र कुमार सिंह, एडीसीपी यातायात मनीषा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा शेयर एनजीओ, जागृति फाउंडेशन, 7X एनजीओ के पदाधिकारी, फोनरवा अध्यक्ष, ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य और गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।

यातायात माह-2026 के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित कराना ही नहीं, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों को बोझ नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा का माध्यम समझें।।