रविवार, 1 नवंबर 2026

लखनऊ : दुकान के गल्ले पर नौकर की बिगड़ी नीयत,डेढ़ लाख रुपये उड़ाए,हुआ गिरफ्तार।||Lucknow: A servant's intentions went astray at a shop's cash box, stole 1.5 lakh rupees, and was arrested.

शेयर करें:
लखनऊ : 
दुकान के गल्ले पर नौकर की बिगड़ी नीयत,डेढ़ लाख रुपये उड़ाए,हुआ गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में दुकान के गल्ले से नकदी चोरी करने वाले कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दुकान में काम करने वाले 20 वर्षीय कर्मचारी प्रिंस गुप्ता की गल्ले में रखे रुपयों पर नीयत बिगड़ गई और उसने करीब डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 34,210 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है।
विस्तार : 
पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 को दुकानदार दमन दीप सिंह ने पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी प्रिंस गुप्ता गल्ले में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 542/2026 धारा 306 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल प्रयासों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी प्रिंस गुप्ता पुत्र महेश गुप्ता निवासी नीलमथा, थाना कैंट को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दुकान के गल्ले में रखे रुपये देखकर उसके मन में लालच आ गया था। इसी लालच में उसने चोरी की योजना बनाई और दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34,210 रुपये और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। उसके खिलाफ मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहाँ से जेल भेज दिया गया।