रविवार, 1 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर में 32 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई PET-2026 परीक्षा, दोनों पालियों में 19,840 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में 32 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई PET-2026 परीक्षा, दोनों पालियों में 19,840 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के रहे पुख्ता इंतजाम

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 01 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET) जनपद गौतमबुद्धनगर में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और जिला प्रशासन की निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 32 केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पालियों में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, ताकि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार, प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। इस पाली में सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,892 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 4,532 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुई। इस पाली में भी कुल 14,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,948 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,476 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।

इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 28,848 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 19,840 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 9,008 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई थीं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासनिक समन्वय और अधिकारियों की सक्रियता के चलते जनपद के सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर PET-2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।।