मऊ :
दोहरीघाट सीएचसी में अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का हुआ शुभारंभ।
●मरीजों और तीमारदारों को मिलेगी सस्ती खानपान की सुविधा।।
।।।देवेन्द्र कुशवाहा ।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया गया। कैंटीन का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक रामविलास चौहान ने किया। इस पहल से अब अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और आम राहगीरों को उचित दर पर चाय, नाश्ता एवं अन्य खानपान की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विस्तार :
स्वयं सहायता समूह के तैयार अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन के उद्घाटन अवसर पर विधायक रामविलास चौहान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में इस तरह की व्यवस्था होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्हें खानपान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उचित मूल्य पर आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन केवल लोगों को सस्ती खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार का अवसर भी मिलेगा। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
सीएचसी दोहरीघाट में संचालित इस कैंटीन पर चाय, नाश्ता और अन्य खाद्य सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों के साथ-साथ चौराहे से गुजरने वाले राहगीर भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
स्थानीय स्तर पर शुरू की गई यह पहल स्वास्थ्य केंद्र आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)