लखनऊ :
फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने वाला गिरफ्तार।।
सीमांकन के विवाद में नईम को मारी थी गोली, चार दिन बाद पुलिस ने दबोचा।
दो टूक : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के कटरा बक्कास में प्लॉट पर निर्माण को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त .45 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल युवक का मेदांता अस्पताल में उपचार कराया गया था।
विस्तार :
थाना सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक 23 नवंबर को मो. फारूख अपने साले मो. नईम और जितेन्द्र यादव के साथ कटरा बक्कास स्थित अपने प्लॉट पर गए थे। वहां सुखमिन्दर सिंह दो मजदूरों से प्लॉट से सटे हिस्से में निर्माण कार्य करा रहा था। फारूख ने जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराने के बाद निर्माण कराने की बात कही। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सुखमिन्दर सिंह ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी पिस्टल निकालकर मो. नईम पर गोली चला दी। गोली लगने से नईम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में फारूख की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल सूचना और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने शुक्रवार, 27 नवंबर को आरोपी सुखमिन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने विवाद के दौरान पिस्टल से नईम पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .45 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी सुखमिन्दर सिंह (36), निवासी पवनपुरी, थाना आलमबाग, लखनऊ के पास 45 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)