लखनऊ :
नशे के लिए पैसा नही देने पर बेटे ने शिक्षिका मां पर चाकू से किया हमला।।
दो टूक : लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र में नशे की लत ने परिवार का रिश्ता शर्मसार कर दिया। नशे के लिए पैसे देने से इनकार करने पर पति ने अपने ही बेटे के साथ मिलकर पत्नी की पिटाई दी। आरोप है कि बेटे ने चाकू से मां पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाव में महिला ने हाथ आगे किया तो चाकू उसके हाथ में जा लगा, जिससे गंभीर चोट आई। दोनों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। पड़ोसियों के दौड़ने पर आरोपी पति-पुत्र मौके से फरार हो गए।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगाखेड़ा स्थित ऑरेंज विला निवासी सरिता तिवारी पेशे से अध्यापक हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि उनके पति किशन कुमार तिवारी शराब के आदी हैं और उनका बेटा तन्मय भी नशे की लत का शिकार हो गया है। आरोप है कि 8 नवंबर की शाम करीब चार बजे पति और बेटे ने नशे के लिए जबरन रुपये मांगे। इनकार करने पर पति ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और बेटे को बुलाकर उससे भी पिटवाया।
पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान बेटे ने पिता के कहने पर नेलकटर में लगे चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने बचाव में बायां हाथ आगे किया तो चाकू हाथ में लग गया और गंभीर चोट आई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति पहले गर्म प्रेस से जलाने का प्रयास कर चुके हैं। शोर सुनकर पड़ोसी बचाने पहुंचे तो पति-पुत्र धमकी देते हुए भाग निकले।
घटना के बाद दहशत में आई महिला मायके शुक्लागंज, उन्नाव चली गईं। 10 नवंबर को हिम्मत जुटाकर सरोजनीनगर थाने पहुंचीं और पति व बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
थाना सरोजनीनगर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन मे जुटी हुई है।
