लखनऊ :
रेकी कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार,दो घरों की वारदातों का खुलासा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर आभूषण और नकदी चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर दो चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़ा गया आरोपी बंद मकानों की रेकी कर मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो घटनाओं से संबंधित चांदी के आभूषण और सिक्के बरामद किए हैं।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को रॉयल सिटी निवासी अनूप पटेल के बंद मकान से जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। वहीं, 12 नवंबर को न्यू गुडौरा मानसरोवर निवासी राहुल यादव के घर से भी आभूषण और नकदी चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 13 नवंबर को अभिषेक रावत उर्फ नाटिया (22) निवासी छुआराखेड़ा, न्यू गुडौरा थाना बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले बंद मकानों की रेकी करता था और मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी करता था। चोरी किए गए कुछ आभूषण राह चलते लोगों को सस्ते दामों पर बेच दिए थे, जबकि बाकी माल बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के सिक्के और चार नगदार बिछिया बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिजनौर थाने में पहले से भी चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।
