गौतमबुद्धनगर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रशासन ने तेज की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!
आरडब्ल्यूए-एओए की बैठकें करने और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, पात्र युवाओं व नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 नवंबर 2026।
गौतमबुद्धनगर में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने, सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारियों एवं डिप्टी कलेक्टरों को विधानसभा क्षेत्रवार नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नामित करते हुए उन्हें अभियान की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने निर्देशित किया कि नामित अधिकारी प्रतिदिन आरडब्ल्यूए और एओए के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें तथा विभिन्न कॉलेजों का भ्रमण कर युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें। विशेष रूप से पात्र युवाओं और ऐसे नागरिकों पर ध्यान देने को कहा गया, जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत सुपरवाइजरों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से उसके निर्धारित क्षेत्र में पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभियान की नियमित निगरानी करने और कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आगे आएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑफलाइन माध्यम से संबंधित बीएलओ के जरिए अथवा ऑनलाइन भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
