गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार; चोरी के लाखों के आभूषण बरामद!!
दो टूक//नोएडा/दादरी, 13 नवंबर 2026।
गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आर.वी. नॉर्थलैंड के पास नई बस्ती मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस और घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश, पीछा करने पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को थाना दादरी पुलिस की टीम आर.वी. नॉर्थलैंड के पास नई बस्ती मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर श्मशान घाट की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला (29 वर्ष), निवासी मोहल्ला मेवातियान, कस्बा व थाना दादरी के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे आरोपी रिजवान उर्फ काले (28 वर्ष), निवासी मोहल्ला मेवातियान, दादरी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, चाकू, चोरी की बाइक और सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो अंगूठियां और एक चेन भी बरामद की गई है। मुठभेड़ में घायल आरोपी साजिद को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
नया गांव और सूरजपुर विहार में बंद मकानों को बनाया था निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि करीब एक महीने पहले दोनों ने मिलकर नया गांव बसंतपुर स्थित एक मकान में चोरी की थी। इसके अलावा दो दिन पहले अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सूरजपुर विहार कॉलोनी में एक बंद मकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषण आपस में बांट लिए थे और उन्हें बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, इन चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना दादरी में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और चोरी की अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपी रिजवान उर्फ काले के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित कुल आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। थाना दादरी पुलिस की इस कार्रवाई को घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
दो टूक: दादरी पुलिस की कार्रवाई से घरों में चोरी करने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसा है। अब पुलिस की जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि गिरोह ने क्षेत्र में चोरी की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।।
