लखनऊ :
स्कूल के गार्ड और लापता व्यक्ति की मौत से सनसनी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फांसी के फंदे से लटके दो व्यक्तियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। विकासनगर में एक विद्यालय के प्रथम तल की गैलरी में सिक्योरिटी गार्ड का शव मिला, जबकि बंथरा कस्बे के जंगल में पेड़ से लटका एक व्यक्ति का कई दिन पुराना क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
विस्तार :
●पहली घटना -- लखनऊ के थाना विकासनगर क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को सूचना मिली कि विद्यालय में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने प्रथम तल की गैलरी में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को गार्ड शिवदास (निवासी चूरामन पुरवा, इंदिरानगर) का शव फंदे से लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
● दूसरी घटना ---थाना बंथरा क्षेत्र की है। यहां कस्बे के अंदर जंगल में एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका करीब 47 वर्षीय राकेश साहू का शव बरामद हुआ। शव काफी पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में था। परिजनों ने उसकी पहचान की।
पुलिस के अनुसार, राकेश साहू 4 नवंबर की सुबह करीब छह बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बंथरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को जंगल की ओर से दुर्गंध आने पर परिजनों ने तलाश की तो उनका शव पेड़ से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल दोनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
