शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

लखनऊ : चरित्रवान समाज से ही होगा राष्ट्र निर्माण : राजनाथ सिंह।||Lucknow: Nation building will only happen through a society of character: Rajnath Singh.||

शेयर करें:
लखनऊ :   
चरित्रवान समाज से ही होगा राष्ट्र निर्माण : राजनाथ सिंह।।
◆रक्षा मंत्री राजनाथ बोले- युवाओं से सफल के साथ सार्थक जीवन जीने का किया आह्वान।
दो टूक : रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति का आध्यात्मिकीकरण बेहद जरूरी है। देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। राजनीति का उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देकर राष्ट्र का सर्वांगीण विकास करना होना चाहिए। इसके लिए राजनीति में नैतिकता, आध्यात्मिक चेतना और जनसेवा का भाव अनिवार्य है।
विस्तार : 
शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन राजयोग प्रशिक्षण केंद्र में नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव में उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक, सामरिक, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन बाहरी विकास के साथ अपनी आंतरिक दुनिया को समझना भी जरूरी है। हमें यह भी देखना होगा कि भौतिक प्रगति की दौड़ में कहीं हम आंतरिक मूल्यों से दूर तो नहीं होते जा रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ या श्रद्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन और सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का विज्ञान है। जब व्यक्ति की दृष्टि बदलती है तो उसका व्यवहार और जीवन भी बदलने लगता है। स्वयं को केवल शरीर नहीं, बल्कि चैतन्य आत्मा समझना आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज की 90 वर्षों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने लगभग 140 देशों में शांति और आध्यात्मिकता का संदेश पहुंचाया है तथा लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
युवाओं से बोले- सफलता के साथ सार्थकता भी जरूरी
राजनाथ सिंह ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उन्हें सिर्फ करियर, पद और प्रतिष्ठा के पीछे नहीं भागना चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। सफलता बाहर से मिलती है, जबकि सार्थकता भीतर से आती है। व्यक्ति कितना सफल है, यह पद और धन से तय हो सकता है, लेकिन उसके जीवन की वास्तविक सार्थकता इस बात से तय होती है कि उसके कारण कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करें, लेकिन उसे खुद पर हावी न होने दें। आधुनिक बनने का मतलब अपनी संस्कृति और जड़ों को भूलना नहीं है। युवाओं को समाज की समस्याओं की केवल आलोचना करने के बजाय समाधान का हिस्सा बनना चाहिए। करियर व्यक्ति को साधन संपन्न बनाता है, लेकिन चरित्र उसे सम्मान दिलाता है।
विकसित भारत का सपना चरित्रवान नागरिकों से होगा पूरा
रक्षा मंत्री ने वर्ष 2040 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का मतलब केवल आर्थिक समृद्धि नहीं है। ऐसा राष्ट्र, जहां नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो और प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो, वही वास्तविक विकसित भारत होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। निर्णय लेते समय व्यक्तिगत लाभ से ऊपर जनहित और शक्ति के साथ विनम्रता एवं विवेक को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
लखनऊ से जुड़ी है मेरी डोर: राजनाथ सिंह
लखनऊ के प्रति अपना लगाव व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी डोर लखनऊ से बंधी हुई है। अस्वस्थता और व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होना जरूरी समझा। उन्होंने कहा कि लखनऊ आज रक्षा, सुरक्षा, उद्योग, तकनीक और अध्यात्म सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहा है। ब्रह्मोस जैसी सामरिक उपलब्धियों से लेकर सांस्कृतिक विरासत तक इस शहर की विशिष्ट पहचान है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजयोग और ध्यान मन पर विजय प्राप्त करने का सशक्त माध्यम हैं। भारतीय संस्कृति में कहा गया है कि 'मन जीते जगत जीत'। भगवान बुद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मन पर विजय प्राप्त करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
ओमशांति रिट्रीट सेंटर गुरुग्राम की निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि दिव्य संस्कृति भवन की वास्तविक महानता उसकी भव्यता से नहीं, बल्कि यहां से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों से होगी। उन्होंने कहा कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी आध्यात्मिकता अपनाकर श्रेष्ठ और खुशहाल जीवन जिया जा सकता है।
प्रयागराज की क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी मनोरमा दीदी ने बताया कि लखनऊवासियों के सहयोग और राधा दीदी के प्रयासों से करीब छह करोड़ रुपये की लागत से दिव्य संस्कृति भवन का निर्माण हुआ है। वहीं ब्रह्माकुमारीज के उप सचिव मृत्युंजय भाई ने कहा कि भारत की सामरिक शक्ति के साथ आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी विश्व में पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद कुमार द्विवेदी, विधायक एपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, पवन सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। लखनऊ की क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी राधा दीदी ने अतिथियों का स्वागत किया।
दिव्य संस्कृति भवन में आम नागरिकों को निःशुल्क राजयोग एवं ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां नियमित आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। गुलजार उपवन परिसर में भविष्य में करीब दो हजार लोगों की क्षमता वाला सभागार और 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है। समारोह का समापन सामूहिक मौन एवं शांति अभ्यास के साथ हुआ।