लखनऊ :
गर्लफ्रैंड की प्रताड़ना से परेशान युवक फंदे पर झूला,मौत से पहले भेजी फंदे वाली तस्वीर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बाजारखाला में प्रेम संबंधों का दर्दनाक अंत सामने आया है। गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। हैरान करने वाली बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने फंदे के साथ अपनी तस्वीर महिला मित्र को भेजी थी। इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने महिला मित्र सलोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार बाजारखाला थाना क्षेत्र के भरतपुरी बी निवासी ओमप्रकाश का 22 वर्षीय बेटा आकांक्ष राजाजीपुरम के डबल पुलिया निवासी सलोनी के संपर्क में था। दोनों के बीच करीब दो साल से दोस्ती थी। परिजनों के मुताबिक आकांक्ष सलोनी से शादी करना चाहता था और परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार था। घर में दादी के निधन के चलते दिवाली के बाद शादी से जुड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी थी।
बताया गया कि इसी बीच आकांक्ष को सलोनी के किसी दूसरे युवक के संपर्क में होने की जानकारी हुई। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि महिला मित्र की प्रताड़ना से आकांक्ष मानसिक रूप से परेशान था। 10 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच खाना खाने के बाद आकांक्ष छत पर चला गया। कुछ देर बाद उसने बाथरूम के दरवाजे की ग्रिल से प्लास्टिक का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। आत्महत्या से पहले उसने फंदे के साथ अपनी तस्वीर महिला मित्र को भेजी थी। उधर, परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
◆पिता की तहरीर पर गर्लफ्रेंड के खिलाफ FIR।
बाजारखाला पुलिस ने पिता ओमप्रकाश की शिकायत पर महिला मित्र सलोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है।
