बुधवार, 11 नवंबर 2026

लखनऊ : लाखों की भैंसें चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार,भेजे गए जेल।।||Lucknow: Two notorious thieves who stole buffaloes worth lakhs of rupees were arrested and sent to jail.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
लाखों की भैंसें चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार,भेजे गए जेल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में दूध डेयरी से लाखों रुपये कीमत की दो दुधारू भैंसें चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चोरी के बाद दोनों भैंसों को उन्नाव में सस्ते दामों पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों पकड़े गए। सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दोनों भैंसें बरामद कर लीं।
विस्तार : 
थाना पारा पुलिस के मुताबिक, बीती 9/10 नवंबर की रात पारा क्षेत्र के फतेहगंज गांव में रिजवान अली की दूध डेयरी और उनके पड़ोसी अफसर अली उर्फ ध्रुव की डेयरी से दो कीमती दुधारू भैंसें चोरी हो गई थीं। रिजवान अली की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक अजय कुमार पटेल की टीम ने जांच और सुरागरसी शुरू की। छानबीन में चोरी की भैंसों के उन्नाव ले जाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र पहुंची, जहां ग्रामीणों के सहयोग से इमरान (25) और पवन (24) को पकड़ लिया गया। दोनों के कब्जे से चोरी की गईं दो दुधारू भैंसें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों आरोपी गांव में भैंसों को औने-पौने दाम पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। शक होने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बरामदगी और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में चोरी और बरामदगी से संबंधित अन्य धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार इमरान के खिलाफ दुबग्गा थाने में भी मुकदमा दर्ज है जबकि पवन का भी पूर्व आपराधिक इतिहास सामने आया है।