बुधवार, 11 नवंबर 2026

लखनऊ : घर में सफाई करने वाला ही निकला शातिर चोर,मौका पाते ही तोड़ी अलमारी उड़ाए जेवरात।||Lucknow: The house cleaner turned out to be a clever thief. He broke open the cupboard and stole the jewellery.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
घर में सफाई करने वाला ही निकला शातिर चोर,मौका पाते ही तोड़ी अलमारी उड़ाए जेवरात।।
हजरतगंज पुलिस ने आरोपी को दबोचा, सोने-चांदी के आभूषणों की बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली हजरतगंज क्षेत्र में पुराने विधायक निवास में दिनदहाड़े लाखों के जेवरात चोरी कर सनसनी फैलाने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि घर में साफ-सफाई का काम करने वाला नौकर निहाल निकला। हालांकि, उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चली। हजरतगंज पुलिस ने करीब 10 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर चोरी के सोने-चांदी के तमाम आभूषण बरामद कर लिया।
विस्तार : 
ADCP मध्य ने बताया कि कोतवाली
हजरतगंज क्षेत्र के बी-ब्लॉक स्थित पुराने विधायक निवास में 7 नवंबर को दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई थी। मकान मालिक संतोष कुमार वर्मा सुबह अपने कार्यालय चले गए। शाम करीब 6:30 बजे घर लौटे तो दरवाजे का अंदरूनी कुंडा टूटा मिला। अंदर कमरे में लोहे की अलमारी जमीन पर पड़ी थी और उसका दरवाजा व लॉकर तोड़ दिया गया था। अलमारी में रखे आभूषणों के खाली डिब्बे बिखरे पड़े थे, जबकि जेवर गायब थे।
पीड़ित की तहरीर पर हजरतगंज थाने में मुकदमा संख्या 244/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 10 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच की कड़ियां जुड़ीं तो शक की सुई घर में सफाई करने वाले निहाल पर जाकर टिकी उसकी तस्वीर पीड़ित को दिखाई गई तो पहचान की पुष्टि हो गई।
पुलिस ने सुरागरसी के बाद 10 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे निहाल पुत्र महेश निवासी रामलीला मैदान, हुसैनगंज को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में खुली चोरी की साजिश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कई दिनों से चोरी करने की फिराक में था। 7 नवंबर को घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर उसने दरवाजे का कुंडा और अलमारी तोड़ी तथा उसमें रखे जेवरात लेकर फरार हो गया।
●जेवरात की लंबी खेप बरामद।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 जोड़ी टॉप्स, तीन जोड़ी छोटी बालियां, झुमके, सोने की चेन, अंगूठियां, लॉकेट, नाक की कील, पायल और चांदी के तीन सिक्कों समेत बड़ी संख्या में आभूषण बरामद किए हैं।