बुधवार, 11 नवंबर 2026

लखनऊ : जमीन के नाम पर 10 लाख लेने बाद 8 साल से विधवा महिला को धोखा।।||Lucknow: After taking Rs 10 lakh in the name of land, a widow woman was cheated for 8 years.||

शेयर करें:
लखनऊ  : 
जमीन के नाम पर 10 लाख लेने बाद 8 साल से विधवा महिला को धोखा।।
● काफी भाग दौड़ के बाद जालसाज पर हुई एफआईआर।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में जमीन दिलाने का झांसा देकर एक विधवा महिला के पति से करीब 10 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने जमीन का सौदा कराने के नाम पर पांच लाख रुपये चेक से और करीब पांच लाख रुपये अन्य माध्यमों से ले लिए। आठ साल बीत जाने के बाद भी न जमीन का बैनामा कराया और न ही रकम वापस की। पति की मौत के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही पीड़िता अब न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी गांव निवासी लक्ष्मी बाथम पत्नी स्वर्गीय मुन्ना बाथम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति की वर्ष 2018 में मृत्यु हो गई थी। उनके तीन बच्चे हैं जिनके भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। पति के जीवित रहते गांव के ही राजेश कुमार जायसवाल उर्फ राजू जायसवाल ने ग्राम मंगटइया में जमीन दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि जमीन दिलाने के नाम पर आरोपी ने वर्ष 2018 में दो लाख और पांच लाख रुपये के चेक के माध्यम से भुगतान कराया। इसके अलावा करीब तीन लाख रुपये नकद भी लिए। इस तरह कुल करीब 10 लाख रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने जमीन का बैनामा नहीं कराया। पीड़िता के मुताबिक चेक देते समय किसान का नाम खाली छोड़ दिया गया था। आरोपी ने आधार कार्ड और बैंक पासबुक देखकर नाम भरने की बात कही थी।
पीड़िता का आरोप है कि काफी समय तक आरोपी जमीन दिलाने का आश्वासन देकर टालता रहा। बाद में पति की मौत हो गई तो परिवार आर्थिक संकट में घिर गया। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने न तो जमीन देने की पहल की और न ही पैसा लौटाया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर किसी दूसरे व्यक्ति की खतौनी दिखाकर जमीन दिखाई और एक कथित किसान से मुलाकात भी कराई। पीड़िता का कहना है कि उसके पति की अशिक्षा और भरोसे का फायदा उठाकर रकम हड़पने की साजिश की गई। अब पति की मौत के बाद वह अपनी जमा-पूंजी वापस पाने के लिए अधिकारियों से न्याय की गुहार कभी पुलिस चौकी तो कभी थाने मे कभी जनसुनवाई मे लगा रही थी।
फिलहाल मोहनलालगंज पुलिस ने पीडिता की तहरीर के आधार पर बीते मंगलवार 10 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई मे जुटी हुई है।