गुरुवार, 12 नवंबर 2026

लखनऊ : पत्नी ने पति पर पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी का लगाया आरोप।||Lucknow: Wife accuses husband of concealing his first marriage and marrying a second time.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
पत्नी ने पति पर पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी का लगाया आरोप।।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी,पति समेत अन्य केस दर्ज।।
दो टूक  : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में वैवाहिक विवाद का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर पहली शादी छिपाकर उससे दूसरी शादी करने, विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि अब पति अपनी बहन और कुछ अज्ञात लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और गेट खुलवाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर सभी चले गए। सहमी महिला ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
●विस्तार : 
जानकारी के अनुसार थाना पीजीआई क्षेत्र कान्हा नगर कल्ली पश्चिम निवासी
पीड़िता प्रतिष्ठा पत्नी सत्येंद्र यादव ने पीजीआई थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 28 मई 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसे फोटो एलबम के जरिए पता चला कि उसके पति की पहले ही शादी हो चुकी थी। इस संबंध में सवाल करने पर पति कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करने लगा और गंदी-गंदी गालियां देकर प्रताड़ित करता रहा।
महिला के मुताबिक, काफी समय तक उत्पीड़न सहने के बाद विरोध करने पर ससुर ने उसे सामने बने दूसरे मकान में रहने के लिए जगह दे दी। तब से वह उसी मकान में रहकर जीवन गुजार रही है। आरोप है कि 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे पति सत्येंद्र यादव अपनी बहन और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचा और गेट खोलने को कहा। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से चले गए।
पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना की वीडियो फुटेज उसके पास मौजूद है। उसने यह भी बताया कि मकान में रहने के संबंध में उसे न्यायालय का आदेश प्राप्त है। इसके बावजूद कथित धमकी और दबाव से वह भयभीत है।
पीड़िता ने पुलिस से अपनी सुरक्षा के लिए सरकारी सुरक्षा उपलब्ध कराने, पति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उसकी सरकारी नौकरी बर्खास्त कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस वीडियो फुटेज और न्यायालय के आदेश के आधार पर मामले में क्या कार्रवाई करती है।