लखनऊ :
दबंगों ने अधेड़ को लाठी-डंडों से पीटकर किया लहूलुहान ,रिपोर्ट दर्ज।।
पुरानी रंजिश का मामला पांच नामजद।
दो टूक : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों पर एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल करने और बाद में उसके घर पर चढ़ाई कर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना
सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के कंजेहरा गांव निवासी पीड़ित अमन साहू के मुताबिक, 9 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनके पिता शिव कुमार साहू दुकान से सामान लेने गए थे। इसी दौरान गांव के महाराजा बिजली पासी विद्यालय के पास तुन्नू, वीरेंद्र, नरेंद्र, राजेंद्र और बबलू पुत्रगण मंगल ने पुरानी रंजिश में एकराय होकर उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके पिता के सिर पर गंभीर चोट आई और सिर फट गया। सूचना मिलने पर अमन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
अमन का आरोप है कि पिता का इलाज कराकर लौटने के दौरान उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि आरोपी करीब 10-12 लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गए हैं। दरवाजे पर खड़े होकर गाली-गलौज करते हुए पूरे खानदान को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं और घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार के लोगों ने किसी तरह अंदर से दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि घर पर चढ़ाई और धमकी देने की घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। घायल शिव कुमार साहू का सीबीएल अस्पताल में जांच और उपचार कराया जा रहा है। अमन साहू की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
