मंगलवार, 10 नवंबर 2026

लखनऊ : ड्राइवर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार।|Lucknow: Two women arrested for allegedly instigating a driver to commit suicide.||

शेयर करें:
लखनऊ :  
ड्राइवर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार।
◆चोरी का आरोप लगाकर कर रही थीं प्रताड़ित।।
दो टूक : लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में युवक देशराज उर्फ मनीष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने नामजद दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। परिजनों का आरोप है कि दोनों महिलाएं युवक पर रुपये और जेवर चोरी करने का आरोप लगाकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपित महिलाओं को बेगरिया ढाल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार :
थाना ठाकुरगंज इस्पेक्टर ओमवीर सिंह 
चौहान के मुताबिक, ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के लालाबाग भूहर निवासी छेदीलाल ने 9 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई देशराज उर्फ मनीष पर सपना और नेहा नाम की महिलाओं ने रुपये व जेवर चोरी करने का आरोप लगाया था। 7 नवंबर को सामान वापस करने के नाम पर दोनों महिलाओं ने उसे डराया-धमकाया था। आरोप है कि दोनों पहले से ही उनके भाई को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं।
परिजनों के मुताबिक, महिलाओं की प्रताड़ना से तंग आकर देशराज उर्फ मनीष ने 8 नवंबर की रात भूहर पुल के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
मामले में ठाकुरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 0731/2026 धारा 108/331(2) बीएनएस के तहत सपना और नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों नामजद आरोपित महिलाओं को बेगरिया ढाल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सपना रावत (35) और नेहा परवीन (25) के रूप में हुई है। दोनों ठाकुरगंज क्षेत्र में दर्ज मुकदमे में वांछित थीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।