लखनऊ :
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोसाईगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक्सप्रेस-वे के 7.7 किलोमीटर पर रात करीब 2:45 बजे महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। 7.7 किमी पर रात 2:45 बजे मिला 40-45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव, पास में मिलीं दोनों चप्पलें; पहचान और मौत की वजह पुलिस तलाश रही।
विस्तार :
थाना गोसाईगंज इस्पेक्टर डी के सिंह के मुताबिक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सहायक सुरक्षा अधिकारी राजपाल सिंह ने थाने पर फोन कर एक महिला का दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते से मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन-जांच में महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष आंकी गई है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर महिला की दोनों चप्पलें भी बरामद हुई हैं, जबकि मौके से कोई अन्य वस्तु नहीं मिली।
पुलिस ने आस-पास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और महिला की शिनाख्त के लिए स्थानीय लोगों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल महिला की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
