लखनऊ :
स्क्रैप सेंटर में सेंधमारी,लाखों का माल समेट ले गए चोर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में चोरों ने एक स्क्रैप सेंटर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सेंटर से कीमती बैटरियां, तांबे का तार और अन्य सामान समेट ले गए। इतना ही नहीं, वारदात के सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
विस्तार :
बंथरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी रजनीश सिंह का स्क्रैप सेंटर जुनाबगंज स्थित ड्रीम वर्ल्ड के पीछे है। पीड़ित के मुताबिक रविवार रात चोरों ने सेंटर को निशाना बनाया। चोर वहां से ट्रक की 10 नई और 12 पुरानी बैटरियां, करीब 105 किलो तांबे का तार समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद चोर सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह रजनीश सिंह सेंटर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। हालांकि सेंटर में लगे दूसरे कैमरे में चोरों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। पीड़ित की सूचना पर बंथरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
