सोमवार, 2 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री योगी 3 नवंबर को वितरित करेंगे मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री योगी 3 नवंबर को वितरित करेंगे मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर में कलेक्ट्रेट सभागार सूरजपुर में होगा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी किए जाएंगे वितरित

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली के अवसर पर राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सब्सिडी वितरण का शुभारंभ करेंगे।

इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर के प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर लाभार्थी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।

इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर में भी 3 नवंबर को शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए जाएंगे। इसके माध्यम से लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली सुविधा की जानकारी देने के साथ उन्हें सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।।