गौतमबुद्धनगर: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो दूषित रसगुल्ले कराए नष्ट!!
गौतमबुद्धनगर में मिठाई निर्माण इकाइयों पर छापेमारी, 09 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे; रसगुल्लों में मिले मक्खी-मच्छर
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न मिठाई निर्माण इकाइयों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान कुल 09 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए। वहीं, दो स्थानों पर प्रथम दृष्टया दूषित और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए कुल 360 किलोग्राम रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम ने जोधपुरवाला स्थित मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू के एक-एक नमूने संग्रहित किए।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं अमर बहादुर सरोज की टीम ने देवला, ग्रेटर नोएडा स्थित सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला पर जांच की। यहां दूध, छेना और रसगुल्ला के एक-एक नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान शेष लगभग 300 किलोग्राम रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पड़े मिले। रसगुल्ले प्रदूषित अवस्था में पाए जाने तथा प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने के कारण पूरी मात्रा को नष्ट करा दिया गया।
इसी टीम ने तिलपता कर्णवास, दादरी स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ले के एक-एक नमूने भी संग्रहित किए।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने गढ़ी बावन बीघा, दनकौर स्थित कृष्णा स्वीट भंडार का निरीक्षण किया। यहां से छेना रसगुल्ला और डोडा बर्फी के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान शेष 60 किलोग्राम छेना रसगुल्लों में भी मक्खी-मच्छर पड़े होने और प्रदूषित अवस्था में पाए जाने के कारण उन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट कराया गया।
इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में कुल 09 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि 360 किलोग्राम रसगुल्लों को नष्ट कराया गया।
खाद्य कारोबारियों को दी सख्त हिदायत
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों एवं मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे खाद्य सामग्री केवल खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंसी अथवा पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें। प्रत्येक खरीद का बिल अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, बैच नंबर एवं गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। साथ ही उपभोक्ताओं को बिक्री के लिए रखे जाने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि दीपावली तक यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
त्योहारी सीजन में मिलावट और अस्वच्छ तरीके से तैयार खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि दीपावली पर जनपदवासियों को सुरक्षित, शुद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं मिठाई उपलब्ध हो सके।।
