गौतमबुद्धनगर: श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने गौतमबुद्धनगर में किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स में उद्यमियों के साथ संवाद कर नई श्रम संहिताओं और औद्योगिक संबंधों पर की चर्चा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश की श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने सोमवार को गौतमबुद्धनगर का दौरा कर कार्यालय अपर श्रम आयुक्त एवं उप निदेशक कारखाना कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों के निस्तारण और कार्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रम आयुक्त ने कार्यालय अपर श्रम आयुक्त में डिस्पैच रजिस्टर, वादों की कार्यवाही से संबंधित रजिस्टर, उपकर संग्रहण की पत्रावलियों, स्थापना अनुभाग के अभिलेखों, कैशबुक एवं लेजर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दस्तावेजों का परीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभिलेखों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के साथ कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिल सके। इसके साथ ही श्रम न्यायालयों एवं विभागीय स्तर पर लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पुराने मामलों की अलग सूची तैयार कर उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।
त्योहारों के मद्देनजर जनपद में औद्योगिक शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। श्रम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवायोजकों और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखा जाए तथा छोटे से छोटे विवाद को भी नजरअंदाज न किया जाए, जिससे किसी भी विवाद को बढ़ने से पहले आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाया जा सके।
इसके बाद श्रम आयुक्त ने उप निदेशक, कारखाना कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विभागीय अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन-पत्रों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए। औद्योगिक इकाइयों एवं कारखानों को आवश्यकतानुसार सकारात्मक सहयोग उपलब्ध कराने तथा कारखाना स्वामियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर भी बल दिया।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स में उद्यमियों के साथ किया संवाद
निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ग्रेटर नोएडा स्थित मेसर्स एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड पहुंचीं, जहां जनपद के प्रमुख उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान नवीन श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
श्रम आयुक्त ने कहा कि उद्योगों में बेहतर औद्योगिक संबंध बनाए रखना और उद्यमियों के साथ-साथ श्रमिकों के हितों का संतुलन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कारखानों में प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली (Grievance Redressal System) विकसित की जानी चाहिए, जिससे श्रमिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान संस्थान स्तर पर ही समय रहते किया जा सके।
उन्होंने उद्यमियों से कहा कि श्रमिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और ऐसी व्यवस्था विकसित करें, जिससे औद्योगिक इकाइयों में अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं को जगह न मिले। श्रमिकों तक प्रत्येक महत्वपूर्ण एवं प्रमाणिक जानकारी समय से पहुंचनी चाहिए, ताकि कार्यस्थल पर आपसी विश्वास और सकारात्मक वातावरण बना रहे।
निवेश मित्र पोर्टल पर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश
संवाद कार्यक्रम में श्रम आयुक्त ने निवेश मित्र पोर्टल पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं उद्यमियों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
इसके अतिरिक्त औद्योगिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के लिए तैयार की जा रही चेकलिस्ट को अंतिम रूप देने से पहले संबंधित औद्योगिक संगठनों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ साझा करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर चेकलिस्ट को अधिक व्यावहारिक, स्पष्ट और उद्योगों के अनुकूल बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने नवीन श्रम संहिताओं, औद्योगिक नियमों एवं विभागीय प्रक्रियाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे, जिनका श्रम आयुक्त द्वारा समाधान किया गया। उन्होंने उद्योगों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग और औद्योगिक इकाइयों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर श्रम आयुक्त, उप निदेशक कारखाना, सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक कारखाना, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी एवं एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
