सोमवार, 9 नवंबर 2026

लखनऊ : देवी खेड़ा में बंद फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग,लाखों का कबाड़ जलकर राख।Lucknow: A massive fire broke out in the warehouse of a closed factory in Devi Kheda, burning scrap worth lakhs of rupees to ashes.||

शेयर करें:
लखनऊ  : 
देवी खेड़ा में बंद फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग,लाखों का कबाड़ जलकर राख।
● रॉकेट गिरने से आग लगने की आशंका, आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने पांच घंटे में पाया काबू।
 ● घनी झुग्गियों तक पहुंचती आग तो हो सकता था बड़ा हादसा, अवैध कारोबार की जांच की मांग।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र के देवी खेड़ा में रविवार देर रात बंद पड़ी काँच फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा लाखों रुपये का प्लास्टिक कबाड़ और बिजली के तार जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि आग आसपास बसी घनी झुग्गियों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात दीपावली के पटाखों के शोर में
थाना आशियाना क्षेत्र के देवी खेड़ा मेंघनी आबादी के बीच बंद पड़ी काँच फैक्ट्री के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आसमान से जलता हुआ रॉकेट गोदाम में गिरने के बाद आग भड़कने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें उठती देख झुग्गियों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपना सामान और गैस सिलेंडर लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना पर पीजीआई फायर स्टेशन से दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हेड कांस्टेबल संतोष त्रिपाठी के मुताबिक दमकल कर्मियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
◆बंद फैक्ट्री में कथित अवैध कारोबार पर सवाल।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि सुभानी खेड़ा निवासी शाहिद अली की पुरानी काँच फैक्ट्री लंबे समय से बंद है, लेकिन परिसर में कथित तौर पर कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा था। लोगों ने असम निवासी बताए जा रहे जब्बार खान की भूमिका और गोदाम में सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम में भारी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ जमा था और आसपास घनी झुग्गियां बसी हैं। ऐसे में आग फैलने पर जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, गोदाम में चल रही गतिविधियों और अग्निशमन सुरक्षा मानकों की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।