लखनऊ :
छठ पूजा से लौट रही महिला से मंगलसूत्र की लूट,मचा हड़कंप।
पुलिस ने घटना के चार घण्टे बाद शातिर लुटेरा को किया गिरफ्तार।।
दो टूक : लखनऊ के थाना गुडम्बा क्षेत्र में छठ पूजा की खुशियां मनाकर घर लौट रही महिला को शातिर लुटेरे ने अपना निशाना बनाते हुए झपट्टा मारकर लाल मोतियों की माला में पड़ा सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि गुडम्बा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुकदमा दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश करते हुए शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से टूटा हुआ मंगलसूत्र और पीली धातु का लॉकेट बरामद किया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक 15 नवंबर को विपिन कुमार सिंह ने थाना गुडम्बा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मौसमी भारती कुकरैल पिकनिक स्पॉट से छठ पूजा कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान लकी मेडिकल स्टोर के सामने वाली गली में एक युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया।
मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 436/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और सुरागरसी के जरिए महज चार घंटे के भीतर आरोपी संदीप तिवारी उर्फ दुर्गा तिवारी को कुकरैल जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर बसेरा मोड़ के पास छठ पूजा के बैनर के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से टूटी हुई लाल मोतियों की माला में लगा पीली धातु का मंगलसूत्र और लॉकेट बरामद हुआ। पीड़िता और वादी ने बरामद सामान की पहचान भी कर ली।
नशे की लत में बना झपटमार, पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे नशे की लत है और इसी लत को पूरा करने के लिए उसने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटा था। गिरफ्तार संदीप तिवारी उर्फ दुर्गा तिवारी (21) मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का निवासी है और वर्तमान में गुडम्बा के राजीव नगर, कल्याणपुर में किराये पर रह रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ इंदिरानगर और गुडम्बा थानों में चोरी, चोरी के प्रयास और अन्य धाराओं में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार सोनी, अजय शंकर पाण्डेय, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, राजन त्रिपाठी और कांस्टेबल गोविन्द पाल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामदगी की। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)