लखनऊ :
लाखों युवाओं को नौकरी, सपा के चाचा-भतीजे पर सीएम योगी का तीखा हमला।
●सीएम योगी ने 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को बांटे नियुक्ति पत्र।।
दो टूक : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जिस रफ्तार से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे सिर्फ नोट गिनना आता है। अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले सप्ताह करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
●विस्तार :
मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से दोगुने से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।
उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों समेत लगभग 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
विज्ञापन निकलते ही वसूली पर निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई मुन्ना भाई लेकर चला जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में मेरिट की अनदेखी कर चहेतों को नौकरियां दी जाती थीं। आज बिना सिफारिश और लेन-देन के योग्यता के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।
●रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी को लेकर भी घेरा।
मुख्यमंत्री ने गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी परियोजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पिछली सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन परियोजना अधूरी रही। वहीं, जेपीएनआईसी के 200 करोड़ रुपये के डीपीआर के मुकाबले 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को नसीहत दी कि किसी अधिकारी या सरकार के दबाव में गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करें और वित्तीय शुचिता बनाए रखें।
●तीन गुना हुई यूपी की अर्थव्यवस्था, लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस।
योगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अंधविश्वास के चलते नोएडा जाने से डरते थे, जबकि हमारी सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना बढ़ाकर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया है। प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना हुई है। उत्तर प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और अगले चार वर्षों में इसे देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा और बम बनते थे, अब यहां एके-203 राइफल तैयार हो रही है और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि आज बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर घर लौट रही हैं।
●पुरानी पेंशन पर सपा के दावों पर सवाल।
मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन के मुद्दे पर भी सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया। वर्तमान सरकार ने कर्मचारियों के खाते खुलवाए, सरकारी अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और बजट से 10 हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया।
●20 अभ्यर्थियों को मंच से मिले नियुक्ति पत्र।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 20 चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सहायक लेखाकार पद के 15 और लेखा परीक्षक पद के पांच अभ्यर्थी शामिल रहे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने तथा सरकारी बजट के सदुपयोग को प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि तैनाती अभ्यर्थियों की मेरिट और उनके द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर पारदर्शी तरीके से की जाएगी। कार्यक्रम में वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार, सचिव मिनिस्ती एस. और सचिव संदीप कौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)