लखनऊ :
बीमार पत्नी को मायके छोड़ भूला पति, ससुरालियों पर दहेज मांगने का आरोप।।
◆किडनी की बीमारी का पता चलते ही ससुराल में बढ़े ताने।।
दो टूक : लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। खरिका, तेलीबाग निवासी शिवानी सैनी ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज में पांच लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि किडनी की बीमारी का पता चलने पर पति ने उसे महज पहने हुए कपड़ों में मायके छोड़ दिया और उसके जेवर व शादी का सामान भी ससुराल में ही रख लिया।
विस्तार :
पीड़िता शिवानी सैनी के मुताबिक, उसकी शादी 10 फरवरी 2026 को मोहनलालगंज के शिवाला गली निवासी यश सैनी उर्फ बाबू से हुई थी। शादी में पिता ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर पांच लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, घरेलू उपकरण और अन्य सामान दिया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के दो दिन बाद से ही पति, ससुर और अन्य रिश्तेदार कम दहेज लाने का ताना देने लगे। सभी एक राय होकर मायके से पांच लाख रुपये और मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि पति दूसरी युवती से शादी करना चाहता था और कहता था कि परिवार वालों ने अधिक दहेज मिलने की उम्मीद में उससे शादी कराई है। 19 मार्च 2026 को तबीयत खराब होने पर जांच में एक किडनी में समस्या सामने आई तो ससुराल वालों के ताने और बढ़ गए। आरोप है कि 5 अप्रैल को पति उसे पहने हुए कपड़ों में पिता के साथ मायके छोड़ आया और शर्त रखी कि पांच लाख रुपये, मोटरसाइकिल और दूसरी किडनी लगवाने के बाद ही वापस आना।
पीड़िता के मुताबिक, इलाज के बाद कई बार ससुराल पक्ष से संपर्क कर उसे वापस ले जाने की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई नहीं आया। 18 अगस्त को वह पिता के साथ खुद ससुराल पहुंची तो पति और ससुर ने दरवाजा बंद कर लिया। बाद में अपशब्द कहने और चरित्र पर झूठे आरोप लगाने का आरोप है। विरोध करने पर कपड़े और बैग बाहर फेंक दिए गए तथा पिता से हाथापाई की नौबत आ गई। पीड़िता ने 1090 पर पुलिस से मदद मांगी, जिसके बाद वह पिता के साथ मायके लौट आई।
पीड़िता की तहरीर पर पीजीआई थाने में पति यश सैनी समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पायल कुमारी को सौंपी गई है।
