लखनऊ :
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने मांगी परिवार की खुशहाली, जयकारों से गूंजा वृन्दावन।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के वृन्दावन में लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधि-विधान से समापन हो गया। वृन्दावन योजना सेक्टर-5 एवं 6 में बने पूजा स्थलों पर भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया और भगवान भास्कर के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
◆विस्तार :
16 नवम्बर सोमवार तड़के भोर से ही वृन्दावन योजना के पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरे और हाथों में पूजा का सामान लिए व्रती महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पूजा में लीन रहीं। जैसे ही आसमान में भगवान सूर्य की लालिमा दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने छठी मइया और सूर्यदेव के जयकारे लगाने शुरू कर दिए।
पोखरे के पवित्र जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने दूध और जल से उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद छठी मइया से संतान की लंबी आयु, परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान छठ गीतों की मधुर धुन और भक्तिमय जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और घाटों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला।
छठ महापर्व के मद्देनजर नगर निगम की ओर से पूजा स्थलों व घाटों और आस-पास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी। जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
●सेवा और सौहार्द की दिखी मिसाल।
छठ घाट पर सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल भी देखने को मिली। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रेयाज, मौलवी अफरोज आलम, दिव्यांग समिति के प्रतिनिधियों और समाजसेवी अजय जायसवाल ने श्रद्धालुओं के बीच चाय, बिस्किट और पानी का वितरण किया। उन्होंने व्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला कमेटी की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। घाटों पर उमड़ी आस्था, छठ गीतों की गूंज और सेवा-सौहार्द के भाव ने पर्व की धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को जीवंत कर दिया।
● आस्था का उमड़ा जनसैलाब वीडियो ।
