सोमवार, 16 नवंबर 2026

मऊ :उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने मांगी परिवार की खुशहाली।||Mau:By offering prayers to the rising sun, Chhath devotees prayed for the well-being of their families.||

शेयर करें:
मऊ :
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने मांगी परिवार की खुशहाली।
◆छठी मइया के जयकारों से गूंजा कोपागंज, पुत्रों की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय महापर्व
।।संवाददाता देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद कोपागंज में लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की भोर में कोपागंज में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रती महिलाओं ने पुत्रों की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और सभी परिजनों के मंगलमय जीवन की कामना की। सूर्य की पहली किरण के साथ ही पूरा वातावरण छठी मइया और भगवान भास्कर के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
उदीयमान भगवान सूर्य की महिमा।
सोमवार भोर मे उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रती महिलाओं ने पुत्रों की दीर्घायु की कमाना किया।
भोर की पहली आहट के साथ ही थाना के पीछे स्थित धार्मिक पोखरे पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। सिर पर आस्था का दउरा, हाथों में पूजन सामग्री और मन में भगवान सूर्य के प्रति अटूट विश्वास लिए व्रती महिलाएं पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना में जुटी रहीं। जैसे ही भगवान भास्कर की लालिमा आसमान में दिखाई दी। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
पोखरे के पवित्र जल में खड़ी छठ व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मइया से संतान की लंबी उम्र, परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। श्रद्धा का आलम यह था कि पोखरे के चारों ओर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा पोखरा परिसर किसी भव्य मेले का दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। भीड़ के कारण पोखरे के तट पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ समय तक हाईवे पर आवागमन भी रोका गया।
कोपागंज थाना प्रभारी राकेश रोहन पुलिस टीम के साथ मौके पर मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की निगरानी करते रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ को व्यवस्थित किया।
उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ महापर्व पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। घाटों पर उमड़ी आस्था, लोकगीतों की मधुर धुन और छठी मइया के जयकारों ने पूरे कोपागंज क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
◆आस्था के पर्व पर उमड़ा जनसैलाब।
●महाछठ पर्व पर उदयाचल भास्कर के दर्शन का इन्तजार करते श्रद्धालु।।