जौनपुर :
मोबाइल टावर पर चढ़कर युवती ने रचाई शादी,मांग में सिंदूर भरते ही उतरी नीचे।।
दो टूक : साढ़े चार घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, शादी की जिद पर अड़ी रही नेहा; प्रेमी के पहुंचने के बाद बदला घटनाक्रम।
विस्तार :
जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। रिश्ते में चाचा लगने वाले युवक से शादी की जिद पर अड़ी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने टावर पर ही युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इस घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम और अभिजीत गौतम के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों के घरों की दूरी महज 100 मीटर है और रिश्ते में अभिजीत युवती का चाचा लगता है। दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार को होने के बाद करीब छह महीने पहले विवाद भी हुआ था। इसके बाद नेहा अपने ननिहाल महुआरी गांव में रहने लगी थी।
बताया जाता है कि नेहा अभिजीत से शादी करना चाहती थी, लेकिन जब युवक शादी की बात से पीछे हटने लगा तो वह नाराज हो गई। रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा बारीगांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इतना ही नहीं, उसने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना भी दी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने युवती को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। उसका कहना था कि जब तक अभिजीत मौके पर नहीं आएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी।
प्रेमी के पहुंचते ही बदला पूरा घटनाक्रम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अभिजीत को मौके पर बुलाया। पहले उसने नीचे से ही नेहा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती अपनी जिद पर कायम रही। इसके बाद अभिजीत खुद टावर पर चढ़ने लगा, मगर ऊंचाई देखकर घबरा गया। काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। आखिरकार वह दोबारा टावर पर चढ़ा और नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया।
मांग में सिंदूर भरने के बाद नेहा नीचे उतर आई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के समाप्त होने पर पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी।
इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की जिद करने और प्रेमी द्वारा मांग में सिंदूर भरने का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद दोनों के वैवाहिक संबंधों की कानूनी स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
