रविवार, 15 नवंबर 2026

बलिया : फेसबुक की दोस्ती का दु:खद अन्त, दरोगा ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, युवती हुई गिरफ्तार।।||Ballia:A tragic end to a Facebook friendship—harassed sub-inspector dies by suicide after jumping in front of a train; young woman arrested.

शेयर करें:
बलिया : 
फेसबुक की दोस्ती का दु:खद अन्त,
दरोगा ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, युवती हुई गिरफ्तार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद बलिया में तैनात दरोगा की दर्दनाक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई । पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी फेसबुक महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया। ब्लैकमेल करने समेत प्रताडित करने का आरोप है।
विस्तार :
बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बलिया में तैनात 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रैक पर उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटनास्थल के पास उनकी बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले में मृतक दरोगा की पत्नी रागिनी प्रजापति की शिकायत पर पुलिस ने रोली नामक युवती को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि युवती उनके पति को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
●फेसबुक पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग का आरोप।
मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के संतकबीरनगर जिले के बरांव गांव निवासी संदीप कुमार प्रजापति की करीब डेढ़ वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती रोली से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि धीरे-धीरे युवती ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और करीब एक वर्ष से उन्हें ब्लैकमेल करने लगी।
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, युवती लगातार उनसे रुपये की मांग करती थी। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर फर्जी मुकदमे में फंसाने और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देती थी। यह भी आरोप है कि युवती उनके किराए के आवास पर पहुंचकर उन्हें धमकाती थी।
◆शनिवार शाम ट्रेन के आगे कूदकर दी जान।
बताया जा रहा है कि शनिवार को भी युवती संदीप से मिलने उनके किराए के कमरे पर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद शाम करीब सात बजे चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस के सामने कूदकर उन्होंने जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर चितबड़ागांव थानाध्यक्ष लालमणि सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी की तहरीर पर युवती गिरफ्तार
मृतक दरोगा की पत्नी रागिनी प्रजापति ने चितबड़ागांव थाने में तहरीर देकर रोली पर पति को प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रविवार को आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। ●पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
थानाध्यक्ष लालमणि सरोज के अनुसार, मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गार्द सलामी देकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद के लिए रवाना कर दिया गया।
● 2023 बैच के दरोगा थे संदीप।
बताते चले कि - संदीप कुमार प्रजापति वर्ष 2023 में पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद पर भर्ती हुए थे। पिछले करीब 11 महीनों से उनकी तैनाती चितबड़ागांव थाने में थी। वह थाने के सामने स्थित एक निजी आवास में किराए पर रहते थे। परिवार में पत्नी, एक बच्चा और मां हैं। उनके पिता रामाश्रय प्रजापति का पहले ही निधन हो चुका था।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के माध्यम से बने रिश्तों, कथित ब्लैकमेलिंग और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, युवती पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।