रविवार, 15 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, संयुक्त पुलिस आयुक्त ने यमुना और हिंडन घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, संयुक्त पुलिस आयुक्त ने यमुना और हिंडन घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा/ग्रेटर नोएडा। छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था संकल्प शर्मा ने नोएडा और सेंट्रल नोएडा क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा अभय कुमार मिश्रा एवं एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह के साथ थाना सेक्टर-126 क्षेत्रांतर्गत यमुना घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता के साथ थाना ईकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत हिंडन घाट पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। विशेष रूप से घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग की सुविधा, यातायात प्रबंधन, गोताखोरों की तैनाती तथा महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक पुलिस प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पुलिस गश्त और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें, ताकि छठ पूजा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने छठ पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।।