रविवार, 15 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सलारपुर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया छठ महापर्व, अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सलारपुर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया छठ महापर्व, अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, सलारपुर। 15 नवंबर 2026। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति समर्पण का महापर्व छठ पूजा नोएडा के सलारपुर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आयोजित छठ महापर्व के धार्मिक कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों एवं भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अशोक भाटी का आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र पाठक ने पुष्पमाला पहनाकर तथा छठी मैया की आशीर्वाद स्वरूप चुनरी भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद पंडित राजेश मिश्रा के सानिध्य में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ छठ घाट का पूजन-अर्चन किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूजन कार्यक्रम के उपरांत अशोक भाटी ने महंत चंद्रशेखर गिरी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता और भारतीय संस्कृति में इसके विशेष स्थान पर प्रकाश डाला।

अशोक भाटी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति, लोक आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें परिवार, समाज और प्रकृति के साथ जुड़ने का संदेश देता है। छठी मैया को संतान की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। माताएं अपनी संतान की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कठिन तपस्या करते हुए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ यह व्रत रखती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने सभी लोगों से अपने माता-पिता, बुजुर्गों और गुरुओं का सदैव सम्मान करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही छठ महापर्व के आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बलजीत भड़ाना बिंटू, अमित कुमार, अजय कुमार, जयराज भाटी, रमाकांत झा, शिलाकांत झा, देवचंद झा, विपिन तंवर, गणेश मिश्र, रामचंद्र शर्मा, हरिश्चंद्र ठाकुर, शंभू झा, मनोहर झा, मुन्ना शर्मा, मयंक ठाकुर, सुनील मिश्रा, विनय मिश्रा, मन्नू मिश्रा, शंकर चौधरी, संतोष झा, मनमोहन झा, प्रमोद चौधरी, गणेश झा एवं रंजीत झा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की सुंदर झलक देखने को मिली। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए छठ महापर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।।