लखनऊ :
कारोबारी की कम्पनी को ‘फ्रॉड’ बता सोशल मीडिया पर किया बदनाम,FIR दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में सोशल मीडिया पर एक कारोबारी और उसकी कंपनी की छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। वन ओक कम्पनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दीपक मिश्रा ने एक्स (X) हैंडल पर कथित तौर पर भ्रामक और मानहानिकारक पोस्ट प्रसारित कर उन्हें फ्रॉड बताने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने नितेश कुमार और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
लखनऊ के थाना नाका क्षेत्र पुराना गनेशगंज / ओमेक्स सिटी शहीदी पथ निवासी करीब 50 वर्षीय दीपक मिश्रा वन ओक कम्पनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं। उनकी कंपनी थाईलैंड के बैंकॉक सहित कई देशों में रियल एस्टेट और होटल कारोबार से जुड़ी है।
दीपक मिश्रा का आरोप है कि नितेश कुमार नाम के व्यक्ति ने अपने एक्स हैंडल से 19 नवंबर 2024 को एक पोस्ट साझा की थी। इसमें उनकी कंपनी की कथित वित्तीय योजनाओं पर सवाल उठाते हुए 'Fraud' शब्द का इस्तेमाल किया गया और दीपक मिश्रा का नाम भी टैग किया गया। पोस्ट के साथ Bangkok News Daily की एक खबर का लिंक भी साझा किया गया था।
पीड़ित का कहना है कि पोस्ट पूरी तरह झूठी और निराधार है। इसे उनकी व्यक्तिगत छवि और कंपनी की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से प्रसारित किया गया। आरोप है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट और उसके स्क्रीनशॉट फैलने के बाद उनके अधिकारियों, कर्मचारियों, रिश्तेदारों और परिचितों तक यह मामला पहुंच गया, जिससे उन्हें सामाजिक और व्यावसायिक स्तर पर अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
तहरीर में एक्स अकाउंट के संचालक की पहचान, आईपी एड्रेस, मेटाडेटा और मूल पोस्ट सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग की गई है। साथ ही पोस्ट के स्रोत और उसे प्रसारित करने के पीछे की मंशा की जांच कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।
थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
