गौतमबुद्धनगर: नोएडा मीडिया क्लब में सम्मान, विदाई और दीपावली मिलन का भव्य आयोजन, पुलिस-मीडिया के सौहार्दपूर्ण रिश्तों की दिखी झलक!!
संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा को सेवानिवृत्ति पर किया सम्मानित, डीसीपी साद मियां खान को आगरा स्थानांतरण पर दी भावभीनी विदाई
पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों ने साझा कीं दीपावली की खुशियां, आपसी संवाद, समन्वय और सहयोग को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार
दो टूक//नोएडा। नोएडा मीडिया क्लब में मंगलवार को सम्मान, विदाई और दीपावली की खुशियों से सराबोर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा के सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह, डीसीपी साद मियां खान के आगरा स्थानांतरण पर विदाई समारोह और दीपावली मिलन कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस एवं मीडिया के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग और बेहतर समन्वय की मिसाल देखने को मिली। समारोह में पुलिस अधिकारियों और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके सेवाकाल और नोएडा में कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने और पुलिस तथा मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पत्रकारों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके सरल व्यवहार, सहयोगात्मक दृष्टिकोण और कार्यशैली की प्रशंसा की तथा सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा जोन में अपनी सेवाएं दे चुके और वर्तमान में आगरा स्थानांतरित डीसीपी साद मियां खान को भी शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर मौजूद पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। साथ ही नई जिम्मेदारी और आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
समारोह के दौरान एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह, थाना सेक्टर-20 प्रभारी अरविंद कुमार सिंह तथा थाना सेक्टर-39 प्रभारी डीपी शुक्ला को भी स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों के बीच आत्मीय संवाद हुआ तथा आपसी सहयोग एवं बेहतर तालमेल को आगे भी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में पुलिस और मीडिया दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए कार्य करती है, वहीं मीडिया जनता तक सही और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दोनों के बीच बेहतर संवाद, पारदर्शिता और आपसी तालमेल से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक संबंधों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इसके बाद दीपावली मिलन समारोह में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता, सम्मान, अपनापन और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह केवल सम्मान और विदाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिस एवं मीडिया के बीच वर्षों से कायम सहयोग, विश्वास और मधुर संबंधों को और मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास भी साबित हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभों के बीच संवाद और समन्वय जितना मजबूत होगा, जनहित और जनविश्वास की भावना भी उतनी ही सशक्त होगी।
नोएडा मीडिया क्लब की ओर से आयोजित इस गरिमामय समारोह ने सम्मान, आत्मीयता, सौहार्द और दीपावली की खुशियों को एक सूत्र में पिरोते हुए आपसी रिश्तों की खूबसूरती को प्रदर्शित किया।
