गुरुवार, 5 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस का आगाज, डीएम मेधा रूपम समेत कई अधिकारियों को लगाए गए जागरूकता स्टिकर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस का आगाज, डीएम मेधा रूपम समेत कई अधिकारियों को लगाए गए जागरूकता स्टिकर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

7 नवंबर को मनाया जाएगा स्थापना दिवस, अधिकारियों को स्टिकर लगाकर संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों के प्रति किया गया जागरूक

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 5 नवंबर 2026। भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्धनगर में जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को स्थापना दिवस के विशेष स्टिकर लगाकर संगठन के उद्देश्यों, गतिविधियों और सामाजिक योगदान के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद गौतमबुद्धनगर की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम को स्थापना दिवस का स्टिकर लगाकर की गई। इसके साथ ही अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका को भी स्टिकर लगाया गया। इस पहल के माध्यम से अधिकारियों को संगठन के स्थापना दिवस से जोड़ने के साथ ही स्काउट एवं गाइड की सेवाभावी परंपरा और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत एसपी ग्रेटर नोएडा अर्चना सिंह, एआरटीओ डॉ. उदित नारायण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चीती की प्रधानाचार्य विनीता सिंह को भी स्थापना दिवस के स्टिकर लगाए गए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और संगठन की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। स्काउट एवं गाइड संगठन विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने तथा समाज सेवा के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला मुख्यालय से जिला मुख्य आयुक्त डॉ. राकेश कुमार राठी, जिला सचिव पुष्पेंद्र कुमार, जिला आयुक्त स्काउट विजेंद्र सिंह, जिला आयुक्त रोवर महकार सिंह, जिला आयुक्त गाइड देवकी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड साधना सिंह एवं जिला संगठन आयुक्त गाइड शेफाली गौतम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

7 नवंबर को भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन की ओर से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रसारित किया जाएगा।।