ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: राम भजन पर कथक की मनमोहक प्रस्तुति ने बांधा समां, शिंजिनी कुलकर्णी के भाव, लय और घुंघरुओं की झंकार से गूंज उठा महर्षि आश्रम!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: राम भजन पर कथक की मनमोहक प्रस्तुति ने बांधा समां, शिंजिनी कुलकर्णी के भाव, लय और घुंघरुओं की झंकार से गूंज उठा महर्षि आश्रम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पंडित बिरजू महाराज की पौत्री शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी टीम के साथ बिखेरे कथक के विविध रंग, भक्ति और भारतीय शास्त्रीय नृत्य का दिखा अद्भुत संगम

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-110 स्थित महर्षि आश्रम में आयोजित भारत उत्कर्ष महायज्ञ की दूसरी सांस्कृतिक संध्या भारतीय शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के नाम रही। महान कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज की पौत्री एवं लखनऊ घराने की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी टीम के साथ मंच पर कथक के विभिन्न रंगों की ऐसी आकर्षक छटा बिखेरी कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। घुंघरुओं की झंकार, पैरों की थिरकन, भावपूर्ण मुद्राओं और संगीत की मधुर लय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खासतौर पर राम भजन पर आधारित कथक प्रस्तुति ने भक्ति और कला का ऐसा अद्भुत संगम प्रस्तुत किया कि दर्शक भाव-विभोर हो उठे।

शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कथक की समृद्ध परंपरा, उसकी तकनीकी बारीकियों और भावनात्मक गहराई को बेहद खूबसूरती से मंच पर साकार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘जय भगवती’ की प्रस्तुति से हुआ, जिसमें देवी आराधना और शक्ति उपासना के भावों को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया गया। इसके बाद ‘सरगम’, ‘अर्धांग’ और ‘तराना’ जैसी प्रस्तुतियों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की उत्कृष्ट परंपरा का परिचय कराया।

सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण राम भजन पर आधारित कथक प्रस्तुति रही। इसमें शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी भाव-भंगिमाओं, हस्त मुद्राओं और नृत्य की सजीव अभिव्यक्ति के जरिए प्रभु श्रीराम के प्रति भक्ति और समर्पण के भावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में जहां एक ओर कथक की पारंपरिक तकनीक और लयकारी देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर आध्यात्मिक अनुभूति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।

पूरी प्रस्तुति के दौरान शिंजिनी कुलकर्णी और उनकी टीम के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। कभी घुंघरुओं की तेज थाप ने ताल और लय का अद्भुत संयोजन प्रस्तुत किया तो कभी चेहरे के भावों और नृत्य मुद्राओं ने कथा के भावों को जीवंत कर दिया। मंच पर कलाकारों की ऊर्जा, अनुशासन और साधना का प्रभाव साफ दिखाई दिया। प्रस्तुति के समापन पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

भारतीय शास्त्रीय कलाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास

भारत उत्कर्ष महायज्ञ में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या ने यह संदेश दिया कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी हैं। पंडित बिरजू महाराज की गौरवशाली कथक परंपरा को आगे बढ़ा रहीं शिंजिनी कुलकर्णी की प्रस्तुति ने दर्शकों को इस विधा की गहराई, सौंदर्य और साधना से परिचित कराया।

इस अवसर पर महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और देश की समृद्ध कलात्मक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने कहा कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ में देश की शास्त्रीय कलाओं और लोक परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया है। भारतीय संस्कृति की विविधता और गौरवशाली इतिहास को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं से प्रेरणा लेकर उन्हें आगे बढ़ा सकें।

रेत से निर्मित शक्तिपीठ और कला गांव बने आकर्षण का केंद्र

भारत उत्कर्ष महायज्ञ का धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव केवल मंचीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। महायज्ञ परिसर में रेत से निर्मित भव्य शक्तिपीठ श्रद्धालुओं और आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसकी कलात्मक संरचना और आध्यात्मिक स्वरूप लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।

वहीं विशाल क्षेत्र में विकसित कला गांव में कलाकारों द्वारा रंगों के माध्यम से उकेरे गए देवी-देवताओं के चित्र और विभिन्न कलात्मक रचनाएं भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं की विविधता को प्रदर्शित कर रही हैं। यहां पहुंचने वाले लोग धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय लोक एवं चित्रकला की समृद्ध विरासत से भी रूबरू हो रहे हैं।

महायज्ञ परिसर में 108 कुंडीय देवी भगवती सहस्र महायज्ञ, श्रीमद् देवी भागवत कथा, भारत आरोग्य मेला, पुस्तक मेला, गौ सेवा और अन्न क्षेत्र सहित विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

इस प्रकार भारत उत्कर्ष महायज्ञ श्रद्धा, साधना, भारतीय संस्कृति और कला का ऐसा व्यापक मंच बनकर उभर रहा है, जहां वैदिक परंपराओं के साथ-साथ देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिल रही है। महायज्ञ की दूसरी शाम शिंजिनी कुलकर्णी की कथक प्रस्तुति ने इस आयोजन को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव बना दिया।।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें