गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध चाकू बरामद; कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे!!
सेक्टर-39 पुलिस ने स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से दबोचा आरोपी, चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-39 पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय कुशवाह को स्टेलर ग्रीन पार्क से सेक्टर-43 की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL5SCK6004) और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुशवाह पुत्र राजेश कुशवाह, निवासी ग्राम करबई, जिला महोबा, हाल निवासी ग्राम बरौला, सेक्टर-49, नोएडा, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी और चोरी का माल रखने सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-113 में वर्ष 2023 में एक, थाना सेक्टर-24 में चार तथा थाना फेस-2 में एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान गिरफ्तारी के संबंध में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 559/2026, धारा 317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई में ये सामान बरामद
- चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल।
- एक अवैध चाकू।
पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।
