।।सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद आजमगढ़ इकाई के पूर्व जिला संरक्षक रहे स्वर्गीय रघुवंश मणि त्रिपाठी के त्रयोदशाह पर उनके पैतृक गांव चकिया में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पहुंचकर अपने दिवंगत पत्रकार साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे एसोसिएशन के जिला संरक्षक सिद्धेश्वर पांडेय, जिलाध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय सहित जिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्व. त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान चंडी प्रसाद सिंह, अवनीश कुमार सिंह, अरविंद विश्वकर्मा, शाश्वत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।
त्रयोदशाह कार्यक्रम में पत्रकारों के अलावा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। सभी ने नम आंखों से दिवंगत पत्रकार के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं स्मृतियों को याद किया और अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान माहौल गमगीन रहा। पत्रकार साथियों ने स्व. रघुवंश मणि त्रिपाठी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
