गौतमबुद्धनगर: सीसीटीएनएस की मासिक रैंकिंग सुधारने में जुटी गौतमबुद्धनगर पुलिस, डीसीपी सेंट्रल ने थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ की समीक्षा बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
डेटा फीडिंग और ऑनलाइन रिकॉर्ड में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी कार्य समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूरा करने के दिए निर्देश
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस विभाग की तकनीकी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने सेंट्रल नोएडा जोन के समस्त थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में थानों पर संचालित विभिन्न कार्यों के साथ-साथ क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सीसीटीएनएस की मासिक रैंकिंग में सुधार लाने तथा निर्धारित मानकों पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीसीपी ने सभी थानों का दैनिक डेटा नियमित रूप से सिंक्रोनाइज करने और मेडिकल लीगल केस (MLC) तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PMR) की शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस की मासिक रैंकिंग के लिए निर्धारित सभी मानकों एवं बिंदुओं पर शत-प्रतिशत कार्य पूरा किया जाए। थानों में होने वाली प्रत्येक आवश्यक डेटा फीडिंग और रिकॉर्ड अपडेट निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
डीसीपी ने कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सजगता और जवाबदेही के साथ करें। डेटा सिंक्रोनाइजेशन से लेकर ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने तक सभी तकनीकी कार्यों को नियमित रूप से पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बनी रहे।
गौरतलब है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, अभिलेखों के डिजिटलीकरण और सीसीटीएनएस प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थानों के कार्यों की समीक्षा कर रैंकिंग में सुधार और पुलिस की तकनीकी कार्यक्षमता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।।
