गौतमबुद्धनगर: दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप, पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार!!
बादलपुर पुलिस ने बिश्नौली गेट के पास से तीनों वांछित आरोपियों को किया गिरफ्तार, मृतका के पिता ने दर्ज कराया था मुकदमा
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की हत्या के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति, ससुर और सास शामिल हैं। मृतका के पिता ने तीनों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को थाना बादलपुर पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित आरोपियों को बिश्नौली गेट, जीटी रोड के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्हेलाल राजपूत उर्फ विकास पुत्र ऊदन (पति), ऊदन पुत्र पुत्तूलाल (ससुर) और शिवदेवी पत्नी ऊदन (सास) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मृतका के पिता ने थाना बादलपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज की मांग करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 340/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया था।
गिरफ्तार तीनों आरोपी मूल रूप से ग्राम बंडारी, थाना सांडी, जिला हरदोई के निवासी हैं। वर्तमान में तीनों ग्राम बिश्नौली, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे।
पुलिस द्वारा तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।
